Showing posts with label Arvind Kejriwal. Show all posts
Showing posts with label Arvind Kejriwal. Show all posts

Wednesday, February 11, 2015

सुपर-हीरो की तलाश भटकता कांग्रेसी वोटर


जीत का जश्न और हार की निराशा थोड़ी कम हुई हो तो एक प्रश्न है। क्या आम आदमी पार्टी इतनी सीटें डिजर्व करती थी जितनी उन्होंने स्वंय भी कल्पना नही की थी और क्या भारतीय जनता पार्टी इतनी पिटाई डिजर्व करती थी जितनी उसकी दुर्गति हुई। देश के इतिहास में कभी इस प्रकार के नतीज़े नही आये। इंदिरा के मौत के बाद राजीव गांधी भी इतनी सीटें नही जीत पाए थे। जितनी आम आदमी पार्टी की झोली में गिरी। विशालतम राजनीतिक लहर भी कभी किसी को इतनी सीटें नही दिला पाई। इन असाधारण परिणामों की वजह भी असाधारण ही होनी चाहिए।


महज़ 6 साल पुरानी बात है, लोकसभा चुनावों में दिल्ली ने कांग्रेस की झोली 57 प्रतिशत वोटों से भर दी थी। यहां यह जानना भी जरूरी है कि ये आम आदमी पार्टी को हालिया मिलें 54.3 प्रतिशत से ये कहीं ज्यादा थे। पहले विधानसभा चुनाव यानी 1993 के बाद से विभन्न चुनावो में यह 6ठा ऐसा मौका था जब दिल्ली ने एक ही पार्टी को 50 प्रतिशत से ज्यादा मत दिये। तो दिल्ली पहले भी एकतरफा वोट करती रही है। तो इस बार ऐसा क्या अलग हुआ कि दिल्ली में कांग्रेस और भाजपा दो अंको में भी नही पहुंच सके।

दरअसल इसकी सबसे बड़ी वजह रही कांग्रेस का बुरी तरह पिटना। चुनाव दर चुनाव कांग्रेस ने अपना जनाधार खो रही है। देश की सबसे बड़ी पार्टी के जनाधार खोने की गति भी आश्चार्यजनक रूप से तेज है। दिल्ली में कांग्रेस लगभग 57 प्रतिशत वोट से 10 प्रतिशत पर पहुंच गई। यानि 6 सालों के भीतर कांग्रेस का 82 फीसदी वोट छिटक गया।  

कांग्रेस का दिल्ली में गिरता वोट शेयर 
2009 ----57 प्रतिशत
2012 ...... 31 प्रतिशत
2013 ...... 25 प्रतिशत
2014 ...... 15 प्रतिशत
2015 ...... 9.7 प्रतिशत

राजनीतिक वातावरण में कांग्रेस ने एक ऐसा वैक्यूम बना दिया। जिसे भरने को बहुत सी पार्टियां दावेदार हैं। राष्ट्रीय स्तर पर यह काम भारतीय जनता पार्टी ने किया। सौ प्रतिशत तो नही पर बहुत बड़ा वर्ग भाजपा की तरफ आकर्षित हुआ। कुछ राज्य स्तरीय दलों को भी इसका फायदा पहुंचा। भाजपा अपने प्रपंचों में ही उलझी रही और दिल्ली में आम आदमी पार्टी कांग्रेस जनित वैक्यूम को भरने में सफल रही। कांग्रेस से अलग हुआ वोटर अभी अपनी राजनीतिक दिशा तय नही कर पाया है। कांग्रेस में उसे भविष्य दिखाई नही देता इसलिए अपना वोट बेकार करने के बजाए वो कई तरह के प्रयोग कर रहा है। 2014 में मोदी के उभार के साथ वो मोदी को वोट देता है और 2015 में उसे केजरीवाल में नायक दिखाई देता है। यहां एक बात दीगर है कि ये कांग्रेसी वोटर अधिनायकवाद की राजनीति से निकल कर आया है। इसे आज भी वोट करने के लिए एक सुपर-हीरो की जरूरत है। जो उसे राष्ट्रीय स्तर पर मोदी में और दिल्ली के स्तर पर केजरीवाल में दिखाई देता है।  

भाजपा के कुछ लोग दावा कर रहे है कि पिछली विधानसभा के मुकाबले भाजपा ने अपना वोट प्रतिशत कंसोलिडेट किया है। पर जनाब जब टेबल पर कांग्रेस के लगभग 82 फीसदी वोट बटोरनें को पड़े हो तो अपने वोटों पर फोकस करना राजनीतिक आत्महत्या सरीखा ही हैं। भाजपा के पास इन वोटरों को लुभाने का कोई प्लान नही था। दिल्ली भाजपा के स्थापित चेहरों को परे हटा कर किरण बेदी को ले आया गया। इससे दो नुकसान हुए पहला भाजपा संगठनात्मक रूप से कमजोर हुई और दूसरा जिस सुपर हीरो की तलाश में वोटर था वो उसे किरण बेदी के रूप में नजर नही आया। किरण उसे केजरीवाल की सबोर्डिनेट सरीखी ही ज्यादा लगी। और जब दोनो एक ही आंदोलन से निकले हो और केजरीवाल का रूतबा ज्यादा हो तो फिर केजरीवाल क्यों नही। भाजपा लगातार राजनीतिक भूलें करती रही और अरविंद केजरीवाल लगातार अपनी 49 दिनों की सरकार को झाड़ पौंछ कर लोगों के सामने रखते रहे।

भाजपा की हार के और भी बहुत से कारण गिऩाए जा सकते है मसलन अंहकारी इमेज़, संघ का चुनाव प्रचार में ठीक से ना जुटना, भाजपा दिल्ली अध्यक्ष सतीश उपध्याय को आखिरी वक्त में किनारे लगा देना, जिससे भाजपा की सारी जमीनी व्यवस्था बिगाड़ गईं। हर्षवर्धन को सही तरीके से इस्तेमाल ना करना, दिल्ली की पॉलटिक्स को गुजराती स्टाइल में चलाना वगैरह वगैरह। इनका भी अपना सीमित महत्व है पर जो पॉलटिकल पार्टी नए राजनीतिक वातावरण में कांग्रेस से अलग हुए वोटर को साध लेगी वही पार्टी राज करेगी फिर चाहे वो मोदी हो या केजरीवाल।


Monday, December 8, 2014

हेलो मैं अरविंद केजरीवाल बोल रहा हूं!

  
पिछले दिनों अरविंद केजरीवाल रेडियो मिर्ची पर दिल्ली के मुद्दो पर बात करते सुनाई दिये। रेडियो पर केजरीवाल अपना राजनीतिक एजेंडा रख सकते है कि नही या फिर बिना लाइसेंस के कोई रेडियो न्यूज़ कैटेगरी में आने वाले विषय पर किसी राजनेता को बुला सकता है या नही। ये महत्वपूर्ण नही है। महत्वपूर्ण यह है कि फिल्मी गानों के बीच बैठ कर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री को दिल्ली के गंभीर मुद्दों पर चर्चा करने की क्या जरूरत थी। ऐसी क्या मजबूरी आन पड़ी कि जनता तक अपनी बात पहुंचाने के लिए केजरीवाल साहब को ऐसा मनोरंजक तरीका अपनाना पड़ा।


अरविंद केजरीवाल की दुविधा समझना इतना मुश्किल भी नही। दिल्ली में चुनाव सिर पर हैं। सीधा मुकाबला दो दलों में ही दिखाई दे रहा है। नरेंद्र मोदी की भारतीय जनता पार्टी और अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी। कुल 70 विधानसभा सीटों वाली दिल्ली की, राष्ट्रीय राजनीती में खासी धमक है। अलग अलग वजहों से ही सही पर सारे देश की निगाहें दिल्ली की सम्भावित राजनीति और सरकार पर लगी हैं। लोकसभा चुनावों के बाद मुंह के बल गिरी आम आदमी पार्टी के भविष्य की राजनीती दिल्ली के दरवाजे से हो कर ही गुजरती हैं। वहीं मोदी भी ये बात जानते होगें कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार उनकी राजनीतिक उड़ान पर रोक लगा सकती है।

49 दिनों की केजरीवाल सरकार के बाद, दिल्ली के वोटरों ने लोकसभा की सातों सीटे भाजपा की झोली में डाल दी। बड़ा ही रोचक महौल बना। दिल्ली से अरविंद बनारस पहुंचे मोदी को हराने और उधर दिल्ली में एक भी सीट नही जीत सके। दिल्ली में भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच वोटो की खाई बढ़ कर 13% हो गई। लोकसभा चुनावों को पैमाना माने, तो आम आदमी पार्टी को दिल्ली जीतने का सपना देखना छोड़ देने चाहिए और मोदी के लिए दिल्ली फतह बस रस्म अदायगी भर होनी चाहिए। पर राजनीति दो दूनी चार नही होती, कभी कभी तीन या पांच भी होती है।

केजरीवाल साहब की सबसे बड़ी परेशानी प्रधानमंत्री मोदी हैं। भाजपा के रणनीतीकारों ने एकतरह से मोदी को केजरीवाल के सामने फिट कर दिया। हलांकि मुख्यमंत्री पद के लिए भाजपा के जगदीश मुखी का नाम उछाल कर केजरीवाल साहब ने मोदी की धार को कुंद करने की कोशिश की। पर मामला कुछ बना नही। भाजपा मोदी के नाम पर ही चुनाव मैदान में उतरेगी। मोदी अभी हॉट केक की तरह बिक रहे हैं। महाराष्ट्र और हरियाणा में भाजपा की सफलता इसका सबूत है। डेवलपमेंट को मोदी बढ़े ही अच्छे अंदाज में वोटर को परोसते हैं। दिल्ली चुनावों में भाजपा मोदी ब्रांड के साथ डेवलेपमेंट को बेचने की कोशिश करेगी। केजरीवाल ने दिल्ली डॉयलाग को आधार बना मोदी से डेवलेपमेंट का मुद्दा चुराने की कोशिश जरूर की। पर अभी इस मुद्दे पर मोदी की रफ्तार केजरीवाल से बहुत तेज हैं।

दूसरी बड़ी बात जिन भावनात्मक मुद्दो पर सवार हो कर आम आदमी पार्टी सत्ता के गलियारों तक पहुंची थी। उनमें से ज्यादातर मुद्दे ठंडे बस्ते में जा चुके हैं। सबसे बड़ा मुद्दा था भष्टाचार का। गजब का जोश था लोगों के गले तक रूंघ जाया करते थे भष्टाचार की बात करते करते। अब वो जोश गायब है उसकी जगह प्रैक्टिकल अप्रोच ने ले ली है। अरविंद केजरीवाल के पास भी छिटपुट आरोपों के अलावा इस मुद्दे पर भाजपा को घेरने के लिए कुछ भी ठोस नही। दूसरा बड़ा मुद्दा जिस पर केजरी सरकार ने इस्तीफा दे दिया था। वो था जनलोकपाल जो अब आम आदमी पार्टी के एजेंडे पर भी नही है। अनेक कारणों से मंहगाई भी अपने न्यूनतम स्तर पर है। काले धन पर सरकार कमजोर जरूर दिखती है पर कम से कम काम करती दिख रही है। ऊपर से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की पहचान पुख्ता होने से एक फील गुड फैक्टर भी है।  

आम आदमी पार्टी की राह में मोदी के अलावा एक छुपा रोड़ा भी है। वो है कांग्रेस। आंकड़े बताते है कि आम आदमी पार्टी कांग्रेस के कंधे पर पैर रख कर ही ऊपर पहुंची है। कांग्रेस ने जितने वोट खोये वो ज्यादातर आम आदमी पार्टी की झोली में ही गिरे। कांग्रेस दिल्ली में अपने न्यूनतम स्तर पर है। अगर कांग्रेस अपनी खोई जमीन कब्जाने की ईमानदार कोशिश करती है। तो दिल्ली विधानसभा में आम आदमी पार्टी खतरे में पड़ सकती है। कांग्रेस के लिए भी ये वजूद की लड़ाई है इसलिए उम्मीद करनी चाहिए कि वो दोबारा अपने पांव जमाने की कोशिश करेगी।

अब बात मुस्लिम और दलित वोटर की। पिछले विधानसभा चुनावों में दलित वोटर ने कांग्रेस को छटका दे आम आदमी पार्टी का दामन थामा था। बहुजन समाज पार्टी भी हाशिये पर चली गई थी। स्वच्छ भारत अभियान और प्रधानमंत्री जन धन योजना के माध्यम से मोदी ने दिल्ली के दलितों में सेंध लगाने की कोशिश की है। ये कोशिश कितनी कामयाब होगी ये तो वक्त बतायेगा पर इसने केजरीवाल साहब के माथे पर शिकन जरूर पैदा कर दी होगी। उधर मुस्लिम वोट कांग्रेस के साथ मजबूती से बना रहा और कांग्रेस ने लगभग सभी मुस्लिम बहुल सीटे जीती। पर इस बार कमजोर होती कांग्रेस और मजबूत होती भाजपा के बीच मुस्लिम वोट आम आदमी पार्टी की और झुक सकता है। मोदी के निरंजन ज्योती जैसे मंत्री जाने अनजाने इसमें मददगार साबित हो रहे हैं। बस यही एक फ्रंट है जहां केजरीवाल साहब को राहत मिलती दिख रही है। पर यहां भी सुई कांग्रेस की परफॉरमेंस पर टिकी है।

इतने छोटे बड़े फैक्टर होने के बावजूद लगभग बिना मुद्दो वाला अगामी विधानसभा  चुनाव मोदी बनाम केजरीवाल होता लग रहा है। पॉपुलर मोदी से सीधी टक्कर और मुद्दो के अकाल के बीच केजरीवाल की मायूसी को समझा जा सकता है। अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए वो कुछ भी नया आजमाने को तैयार हैं। यहां तक कि एफ एम पर रेडियो जॉकी के साथ दिल्ली डिसकस करने को भी। केजरीवाल पिछली गल्तियों की माफी मांग कर फिर से भावनात्मक कार्ड खेलने की कोशिश में है। उन्हें समझना होगा कि वक्त 12 महीने आगे निकल चुका है। अगर उनको दोबारा मुख्यमंत्री बनना है तो बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करना होगा। डेवलेपमेंट राजनीती की रेस में मोदी को हराना होगा। अपनी विद्रोहवादी, अराजकतावादी छवि को तोड़ कर अच्छे प्रशासक की छवि बनानी होगी। भावनात्मक अपीलों से तौबा कर कुछ ठोस मुद्दे सामने रखने होंगे। और सबसे बड़ी बात एक गंभीर राजनेता की छवि बनानी होगी और जाहिर है रेडियो जॉकी के साथ फिल्मी गानों के बीच गम्भीर मुद्दो पर चर्चा के ढ़ोंग से तो ये बनेगी नही।